May 29, 2026

नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत पर सीएम मान बोले- विकास पर जनता की मुहर

चंडीगढ़, पंजाब के नगर निगम और नगर पंचायत चुनावों के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान पूरी तरह चुनावी तेवर में नजर आए। करीब डेढ़ घंटे तक चले अपने संबोधन में उन्होंने आम आदमी पार्टी की जीत को राज्य सरकार की योजनाओं, मुफ्त सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार विरोधी अभियान पर जनता की मजबूत मुहर बताया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब के लोगों ने धर्म, जाति और डर की राजनीति को नकारते हुए विकास और काम के नाम पर मतदान किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनावों से पहले विपक्ष और राजनीतिक विश्लेषक इन नतीजों को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल बता रहे थे, लेकिन अब लगातार मिल रही जीत के बाद यह साफ हो गया है कि आम आदमी पार्टी फाइनल में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि अब सिर्फ 2027 विधानसभा चुनाव की “आखिरी लेयर” बाकी है और वहां भी पार्टी पहले से बड़ी जीत दर्ज करेगी।मान ने कहा कि पंचायत चुनावों में 13 हजार गांवों में से 11 हजार से ज्यादा पंचायतों में पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की। इसके बाद जालंधर लोकसभा उपचुनाव, चार विधानसभा उपचुनाव, जिला परिषद, ब्लॉक समिति और अब नगर निगम व नगर पंचायत चुनावों में भी जनता ने आप के पक्ष में फैसला दिया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 90 प्रतिशत से ज्यादा नगर काउंसिल और नगर पंचायतों में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी 890 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और कई स्थानों पर निर्दलीय उम्मीदवार भी बाद में आप के साथ आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा, माझा और दोआबा तीनों क्षेत्रों में पार्टी को व्यापक समर्थन मिला। किसानों, छोटे दुकानदारों, रेहड़ी वालों, व्यापारियों, युवाओं और मध्यम वर्ग ने सरकार के कामों पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि लोगों ने मुफ्त बिजली, किसानों को दिन में बिजली, आम आदमी क्लीनिक, सरकारी स्कूलों के सुधार, भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और पारदर्शी तरीके से दी गई सरकारी नौकरियों के आधार पर मतदान किया।मान ने कहा कि यह किसी एक नेता की नहीं, बल्कि काम की जीत है। करोड़ों लोगों का इलाज आम आदमी क्लीनिक में हुआ, लोगों के बिजली बिल जीरो आए, युवाओं को बिना रिश्वत सरकारी नौकरियां मिलीं, जनता ने उसी पर भरोसा जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोगों ने शांतिपूर्ण मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पहले चुनावों में डंडे, झड़पें और हिंसा देखने को मिलती थी, लेकिन इस बार माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा।

उन्होंने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हार मिलने के बाद भी कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल आत्ममंथन करने की बजाय बहाने ढूंढ रहे हैं। जहां जीत मिलती है वहां चुनाव सही लगते हैं और जहां हार होती है वहां ईवीएम, नामांकन और धांधली के आरोप शुरू हो जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग प्यार और सम्मान की राजनीति पसंद करते हैं, दबाव और डर की नहीं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को प्यार से जीता जा सकता है, डराकर नहीं। जब दबाव बनाया जाता है तो पंजाबी डबल ताकत से वापसी करते हैं।”मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि लगातार चुनावी जीत ने साफ कर दिया है कि पंजाब की जनता आम आदमी पार्टी के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा- पहले लोग इन चुनावों को सेमीफाइनल कहते थे, अब फाइनल की तैयारी कर लो। 2027 में भी जनता विकास और काम के नाम पर वोट देगी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा।
मान ने कहा कि कई स्थानों पर भाजपा पांचवें नंबर तक पहुंच गई और पार्टी करीब दो प्रतिशत वोटों तक सीमित रह गई।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के 95 प्रतिशत उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई और 150 से ज्यादा उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा सके। उन्होंने कहा कि जो पार्टी खुद को शहरी राजनीति की सबसे बड़ी ताकत बताती थी, जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *