नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डाहड़ एवं जबलू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, बिलासपुर के सौजन्य से नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत डाहड़ के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डाहड़ तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जबलू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डाहड़ के प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों, स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के सदस्यों, अध्यापकों तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ज्ञान-विज्ञान समिति की प्रतिनिधि रिसोर्स पर्सन प्रमिला बसु एवं जगदम्बा ठाकुर ने विद्यार्थियों एवं लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्ति शपथ के साथ किया गया।
