June 24, 2026

हिसार मंडल के सभी जिलों के उपायुक्तों की बैठक लेकर विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा की

हिसार मंडल की आयुक्त गीता भारती ने बुधवार को हिसार मंडल के सभी जिलों के उपायुक्तों की बैठक लेकर विभिन्न राजस्व मामलों की समीक्षा की। बैठक में पेपरलेस डीड रजिस्ट्रेशन, पेपरलेस डिमार्केशन, म्यूटेशन, लार्ज स्केल मैपिंग, राजस्व न्यायालयों में लंबित मामले, पार्टीशन केस, आर्बिट्रेशन मामले तथा जमाबंदी से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त महेंद्र पाल सहित मंडल के सभी जिलों के उपायुक्तों एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों ने भाग लिया। मंडल आयुक्त गीता भारती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार द्वारा लागू की जा रही पेपरलेस डीड रजिस्ट्रेशन प्रणाली को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा पुरानी व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाए। रोवर से पैमाइश किए जाने की विशेष हिदायत देते हुए उपायुक्त को कहा गया कि आगे से यह कार्य रोवर के माध्यम से ही किया जाए। इस पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने मंडल आयुक्त को अवगत करवाया कि हिसार में अब केवल रोवर से ही पैमाइश की जा रही है। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के माध्यम से आम नागरिकों को पारदर्शी एवं सरल सेवाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि म्यूटेशन के मामलों का निपटान अधिकतम 15 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सख़्त हिदायत देते हुए कहा कि सभी जिलों से भेजा जाने वाला डाटा पूरी तरह प्रमाणिक और तथ्यात्मक होना चाहिए। किसी भी प्रकार का भ्रामक अथवा गलत डाटा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सभी जिलों का दौरा करेंगी तथा प्रस्तुत किए गए डाटा और कार्यों की प्रगति का मौके पर सत्यापन करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *