June 28, 2026

बिलासपुर में पल्स पोलियो अभियान के तहत 95.5 प्रतिशत बच्चों को पिलाई गई पोलियो रोधी खुराक

छूटे हुए बच्चों तक 29 व 30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें

बिलासपुर, जिला बिलासपुर में रविवार को आयोजित सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत शाम 4 बजे तक 26,901 लक्षित बच्चों में से 25,712 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई, जो निर्धारित लक्ष्य का 95.5 प्रतिशत है। अभियान का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार ने क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाकर किया।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान दूरदराज क्षेत्रों, ट्रांजिट प्वाइंट तथा हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष रणनीति के तहत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की गई। विकास खंड मारकण्डेय में 6,528, घुमारवीं में 7,226, झंडूता में 8,188 तथा श्री नैना देवी जी विकास खंड में 3,770 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। इसके अतिरिक्त ट्रांजिट बूथों पर 650 तथा हाई रिस्क क्षेत्रों के 90 बच्चों को भी पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई।

उन्होंने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को पोलियो रोधी खुराक लेने से वंचित रह गए हैं, उनके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर पोलियो रोधी खुराक पिलाएंगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि जिले का कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *