गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक से दी जनगणना-2027 की जानकारी
हमीरपुर। जनगणना-2027 की प्रक्रिया और इसके महत्व के बारे में आम लोगों को जागरुक करने के लिए जिला प्रशासन ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से शनिवार को जिला के पांचों उपमंडलों हमीरपुर, सुजानपुर, नादौन, बड़सर और भोरंज में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए।
इन कार्यक्रमों के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों नटराज कला मंच, त्रिवेणी कला संगम और सरस्वती कला मंच के लोक कलाकारों ने लोगों को गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया और देश के लिए इसके महत्व की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में भी जनगणना-2027 की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में मकानों के सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अगले वर्ष वास्तविक जनगणना की जाएगी।लोक कलाकारों ने बताया कि इस बार की जनगणना की प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि जनगणना-2027 के सही आंकड़े सामने आ सकें और भविष्य में इन्हीं आंकड़ों के अनुसार जिला के लिए उपयुक्त योजनाएं तैयार की जा सकें।
