लोक कलाकारों ने भरेड़ी और जाहू में नशे के विरुद्ध जगाई अलख
भोरंज , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आम लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जागरुक करने के लिए जिला हमीरपुर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध सांस्कृतिक दलों के लोक कलाकार लोगों को गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवा रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को भोरंज उपमंडल के गांव भरेड़ी और जाहू में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध साहिल म्यूजिकल ग्रुप के लोक कलाकारों ने शिवदयाल की अगुवाई में लोगों को जागरुक किया। इन लोक कलाकारों ने गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा नशे की समस्या को रोकने के लिए सरकार की ओर से उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की जानकारी दी।
