June 16, 2026

देव संस्कृति हमारी पहचान और इसका संरक्षण हम सभी का कर्तव्य – संजय अवस्थी

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि देव संस्कृति हमारी पहचान है और इसका संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरयांज में ज़िला स्तरीय बाड़ीधार मेले के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने इससे पूर्व बाड़ा देव मंदिर में पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुखी व स्वस्थ जीवन की कामना की।
विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारे की भावना और भी सुदृढ़ होती है। मेलों के दौरान खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों से युवाओं को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए मंच प्राप्त होता है। उन्होंने मेला आयोजन समिति को इसके सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में आयोजित होने वाले त्यौहारों और मेलों को सरकार के सहयोग से उत्सव के रूप में मनाया जाता है। इससे हमारी संस्कृति और परम्पराओं का ज्ञान अगली पीढ़ी तक पहुंचता है और इसे संजोए रखने में बल मिलता है।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में देव संस्कृति के संरक्षण के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग के अनुरूप मुख्यमंत्री द्वारा ऐतिहासिक बाड़ीधार मेले को ज़िला स्तरीय करने की अधिसूचना जारी करना देव संस्कृति को संरक्षित रखने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने इस सकारात्मक कदम के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बाड़ीधार में अधोसरंचना विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सवावा गांव से बाड़ीधार को जोड़ने के लिए रज्जो मार्ग बनाने के कार्य को विधायक प्राथमिकता में डाला गया है। रज्जो मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 150 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बाड़ीधार क्षेत्र में ईको टूरिज़्म को विकसित करने के लिए वन विभाग द्वारा प्रारूप तैयार किया गया है। ईको टूरिज़्म के माध्यम से क्षेत्र में विकास कार्य की टैंडर प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ईको टूरिज़्म से न केवल क्षेत्र विकसित होगा अपितु रोज़गार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने बाड़ीधार में पार्किग के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए तथा पम्मड़ के पास बने हेलीपेड के विस्तार के लिए 01 लाख रुपए देने की घोषणा की।
उन्होंने चनैड़ क्षेत्र में पेयजल भण्डारण टैंक के निर्माण के लिए अनुमानित राशि के अनुरूप धनराशि देने का आश्वासन दिया।
विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति के प्रधान जगदीश ठाकुर, नगर पंचायत अर्की के पार्षद अनुज गुप्ता, कांग्रेस पार्टी के कपिल ठाकुर, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, उपमण्डलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झालटा, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की मुक्ता रस्तोगी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन सुरेन्द्र राजपूत, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *