नगर परिषद सरकाघाट चुनाव में मतदाताओं ने दिखाया उत्साह, 72.02 प्रतिशत मतदान दर्ज
सरकाघाट, 17 मई।
नगर परिषद सरकाघाट चुनाव-2026 के तहत शनिवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर परिषद के सभी सात वार्डों में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। सुबह से ही विभिन्न मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई थी और दिनभर मतदान केन्द्रों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।
निर्वाचन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र में कुल 3771 पंजीकृत मतदाताओं में से 2716 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसके चलते कुल मतदान प्रतिशत 72.02 दर्ज किया गया। वार्ड नंबर-3 जमसाई में सर्वाधिक 82.11 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वार्ड नंबर-2 राम नगर में 81.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड नंबर-1 टटीह में 77.61 प्रतिशत, वार्ड नंबर-5 कुनालग में 75.06 प्रतिशत, वार्ड नंबर-4 कलश में 70.45 प्रतिशत तथा वार्ड नंबर-7 बेहर डबरोग में 70.37 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। वहीं वार्ड नंबर-6 रोपा कॉलोनी में सबसे कम 56.30 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
मतदान प्रक्रिया सुबह निर्धारित समय पर आरम्भ हुई और प्रशासन द्वारा सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। मतदान केन्द्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
