सुजानपुर में 77.88 और भोटा में 83.21 प्रतिशत मतदान
हमीरपुर 17 मई। जिला की दो शहरी निकायों- नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा में रविवार को मतदाताओं ने काफी उत्साह के साथ मतदान किया। सुजानपुर में 77.88 प्रतिशत और भोटा में 83.21 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि दोनों शहरी निकायों में कुल मिलाकर 78.76 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरुष मतदाताओं के मुकाबले महिलाओं की प्रतिशतता अधिक रही। दोनों निकायों में कुल मतदाताओं की संख्या 6966 थी, जिनमें से 5487 ने मतदान किया। इनमें 2842 महिलाएं और 2645 पुरुष मतदाता शामिल हैं।
एसडीएम एवं नगर परिषद सुजानपुर के निर्वाचन अधिकारी विकास शुक्ला ने बताया कि सुजानपुर के सभी 9 वार्डों के मतदान केंद्रों में सुबह 7 बजे मतदान आरंभ हुआ। 11 बजे तक 46.54 प्रतिशत और दोपहर एक बजे तक 68.21 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। शाम 3 बजे मतदान की समाप्ति तक यह आंकड़ा 77.88 प्रतिशत पहुंच गया। यहां कुल 5804 मतदाताओं में से 4520 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें महिलाओं की संख्या 2350 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 2170 रही।
उधर, बड़सर की एसडीएम एवं नगर पंचायत भोटा की निर्वाचन अधिकारी स्वाति डोगरा ने बताया कि भोटा के सभी 7 वार्डों में भी सुबह 7 बजे आरंभ हुआ। 11 बजे तक 50.77 प्रतिशत और दोपहर एक बजे तक 73.58 प्रतिशत मतदान हो चुका था। शाम 3 बजे मतदान की समाप्ति पर मतदान की प्रतिशतता 83.21 रही। यहां कुल 1162 मतदाताओं में से 967 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें महिलाओं की संख्या 492 और पुरुष मतदाताओं की संख्या 475 रही।
