May 13, 2026

भगवंत मान आज नितिन गडकरी और शिवराज चौहान से करेंगे मुलाकात

चंडीगढ़, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दिल्ली दौरे पर हैं। वह दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से भी मुलाकात करेंगे। दोनों केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात के बाद वह मीडिया से बात करेंगे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात दौरान सीएम मान पंजाब में लटके हुए एनएचएआई के प्रोजेक्टों, गेहूं को गोदामों से उठाने व धान की बिजाई को लेकर कई मुद्दों पर रणनीति बनाएंगे।

बता दें मुख्यमंत्री मान की केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से यह पहली मुलाकात है। नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार के बीच काफी समय तक विवाद रहा है। यह विवाद मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था और जमीन अधिग्रहण को लेकर है।

गडकरी ने मान को पत्र लिखकर कहा था कि पंजाब में एनएचएआई अधिकारियों और ठेकेदारों की सुरक्षा खतरे में है। उन्होंने जालंधर और लुधियाना में इंजीनियरों पर हुए हमलों व धमकियों का हवाला देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो करीब 14,288 करोड़ रुपए के 8 बड़े हाईवे प्रोजेक्ट रद्द किए जा सकते हैं।

वहीं पंजाब सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है। मुख्यमंत्री मान का कहना है कि कई घटनाएं ठेकेदारों की लापरवाही के कारण हुईं, जैसे जरूरत से ज्यादा खुदाई करना या मजदूरों और जमीन मालिकों को समय पर भुगतान न करना।

राज्य सरकार का दावा है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक भी पहुंच चुका है। इसके पीछे की वजह यह बताई जा रही है कि प्राधिकरण जमीन के कम रेट तय करता है, जबकि जमीनों के बाजार भाव ज्यादा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *