पंजाब बोर्ड का 12वीं का रिजल्ट घोषित, 91.46 प्रतिशत छात्र पास
मानसा की सुपनीत कौर ने किया टॉप
चंडीगढ़, पंजाब स्कूल एजुकेशन बोर्ड ने बुधवार को कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस साल के परिणामों में एक बार फिर बेटियों का दबदबा देखने को मिला है। टॉप-4 में लड़कियों ने अपनी जगह बनाई है। कुल पास प्रतिशत 91.46 प्रतिशत रहा है, जो राज्य की बेहतर शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है। मानसा जिले के गुरुकुल एकेडमी पब्लिक स्कूल की सुपनीत कौर (साइंस स्ट्रीम) ने 500 में से 500 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया है।
दूसरे स्थान पर :लुधियाना के बीसीएम पब्लिक स्कूल की सुहानी चौहान रहीं (500/500 अंक)। तीसरे स्थान पर लुधियाना के तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल स्कूल की दिवांशी रहीं ।
(नोट: तीनों ने पूर्ण अंक प्राप्त किए हैं, रैंकिंग बोर्ड की आंतरिक वरीयता के आधार पर तय की गई है।)
ह्यूमैनिटीज (आर्ट) में सुहानी (लुधियाना) और दिवांशी (लुधियाना) पहले दो स्थानों पर रहीं, जबकि आफरीन अजीम (पटियाला) ने 499 अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया।
साइंस में सुपनीत कौर (मानसा) पहले, तरन्नुम कौर (कपूरथला) दूसरे और सिमरन तिवारी (लुधियाना) तीसरे स्थान पर रहीं।
कॉमर्स में पटियाला की सपना ने 493 अंकों के साथ टॉप किया, जबकि तानिया शर्मा और शौर्यवीर (दोनों लुधियाना) ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। इस वर्ष भी लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ दिया है:
लड़कियों का पास प्रतिशत 94.73 जबकि
लड़कों का पास प्रतिशत 88.52 रहा।
कुल 2,65,417 परीक्षार्थियों में सफल छात्र 2,42,755, कंपार्टमेंट 17,495 छात्र, अनुत्तीर्ण 5,109 छात्र रहे।
पटियाला जिले से सर्वाधिक 58 विद्यार्थी मेरिट सूची में शामिल हुए हैं, जबकि लुधियाना 39 विद्यार्थियों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रोल नंबर और नाम दर्ज कर रिजल्ट चेक कर सकते हैं। किसी भी तकनीकी परेशानी के लिए शिक्षा विभाग ने हेल्पलाइन नंबर 95491-61161 जारी किया है
