May 11, 2026

गहरी खाई में इनोवा कार गिरने से 6 पर्यटकों की मौत

चार अन्य गंभीर रूप से घायल

चंबा, हिमाचल प्रदेश के चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। तुनुहट्टी क्षेत्र के ककीरा घार के पास एक टैक्सी इनोवा गहरी खाई में गिर गई, जिससे छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार टैक्सी धर्मशाला से डलहौजी की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक वाहन चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक गुजरात के बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और सड़क पर फिसलन को दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अंधेरे और बारिश के बीच कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *