May 8, 2026

प्रागपुर और रैत में मतगणना केंद्रों में आंशिक संशोधन

धर्मशाला, जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा द्वारा पंचायत चुनाव-2026 के अंतर्गत विकास खंड प्रागपुर तथा रैत में मतगणना एवं स्ट्रांग रूम स्थलों को लेकर पूर्व में जारी आदेशों में आंशिक संशोधन किया गया है। यह संशोधन संबंधित खंड विकास अधिकारियों की ओर से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर किया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार विकास खंड प्रागपुर के लिए जिला परिषद तथा पंचायत समिति वार्डों के मतयुक्त मतपत्रों को सुरक्षित रखने (स्ट्रांग रूम) और मतगणना के लिए पहले कृषि विभाग प्रागपुर गोदाम-2 को निर्धारित किया गया था। अब इसके स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) प्रागपुर को मतगणना केंद्र एवं स्ट्रांग रूम के रूप में अधिसूचित किया गया है।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत नारी की मतगणना के लिए पूर्व निर्धारित राजकीय माध्यमिक पाठशाला नारी के स्थान पर अब पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) नारी को निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायत नारी के चुनाव परिणामों की घोषणा भी इसी संशोधित स्थल पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) नारी में की जाएगी।
वहीं पंचायत समिति सदस्य प्रागपुर के चुनाव परिणामों की घोषणा, जो पहले कृषि विभाग प्रागपुर गोदाम-2 में प्रस्तावित थी, अब राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) प्रागपुर में की जाएगी।
इसी प्रकार विकास खंड रैत के लिए भी पूर्व आदेशों में संशोधन किया गया है। जिला परिषद तथा पंचायत समिति वार्डों के मतयुक्त मतपत्रों को सुरक्षित रखने तथा मतगणना के लिए पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत को निर्धारित किया गया था, जिसे अब बदलकर मिनी सचिवालय शाहपुर किया गया है।
इसके साथ ही पंचायत समिति सदस्य रैत के चुनाव परिणामों की घोषणा का स्थल भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैत के स्थान पर अब मिनी सचिवालय शाहपुर निर्धारित किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त कांगड़ा ने बताया कि पूर्व में जारी आदेशों की अन्य सभी शर्तें, सूचनाएं एवं प्रावधान यथावत लागू रहेंगे। पंचायत चुनाव प्रक्रिया को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से यह संशोधन किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *