मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 6 मई को करेंगे शुक्राना यात्रा की शुरुआत: हरजोत बैंस
जिला प्रशासन के साथ यात्रा की तैयारियों संबंधी विशेष बैठक
राज घई, श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 6 मई को खालसा की जन्मभूमि श्री आनंदपुर साहिब से शुक्राना यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस अवसर पर वे सबसे पहले तख्त श्री केसगढ़ साहिब में मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लेंगे और इसके बाद यात्रा को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह यात्रा पंजाब के लोगों की सेवा के लिए मिले अवसर के प्रति आभार व्यक्त करने के रूप में की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि शुक्राना यात्रा की सुचारू तैयारी के लिए जिला प्रशासन के साथ विशेष बैठक की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री गुरु रविदास चौक, श्री आनंदपुर साहिब से यात्रा की शुरुआत करेंगे। यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और लोगों की सुविधा के लिए हर स्तर पर पूर्ण प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि यह यात्रा चरणबद्ध तरीके से रूपनगर से होते हुए पंजाब के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचेगी। यात्रा श्री अमृतसर साहिब, दमदमा साहिब, मस्तुआना साहिब, दुख निवारण साहिब और श्री फतेहगढ़ साहिब तक जाएगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गुरु साहिबान का शुक्राना अदा करना है।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की कृपा से मिली सेवा के लिए धन्यवाद करने हेतु यह यात्रा एक विशेष पहल है। यह यात्रा राज्य में भाईचारे, विनम्रता और सेवा के संदेश को और मजबूत करेगी तथा लोगों को पंजाब की आत्मा से जोड़ेगी।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर अदित्या डेचलवाल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर चंद्र ज्योति सिंह, एसडीएम सुखपाल सिंह, डीएसपी जसनदीप सिंह, नगर काउंसिल के पूर्व प्रधान हरजीत सिंह जीता, व्यापार मंडल के प्रधान इंद्रजीत सिंह अरोड़ा तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
