May 4, 2026

किसानों ने लाडोवाल टोल प्लाजा फ्री कर सरकार को दी खुली चेतावनी

लुधियाना, लाडोवाल टोल प्लाजा आज पूरी तरह किसानों के आंदोलन का केंद्र बन गया, जहां आजाद किसान मोर्चा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने एकजुट होकर 3 घंटे के लिए टोल प्लाजा को फ्री करवा दिया। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों से किसान जत्थेबंदियां ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, गाड़ियों और झंडों के साथ टोल प्लाजा पर पहुंचनी शुरू हो गई थीं, जिसके बाद देखते ही देखते पूरा क्षेत्र किसानों के कब्जे में आ गया।

किसानों ने टोल बैरियर खोल दिए और वहां से गुजरने वाले सभी वाहनों को बिना किसी शुल्क के निकलने दिया। इस दौरान टोल प्लाजा पर किसान एकता जिंदाबाद और सरकार होश में आओ जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह आंदोलन केवल एक टोल प्लाजा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पंजाब सरकार और केंद्र सरकार दोनों के खिलाफ चल रहा एक बड़ा संघर्ष है। उनका आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे किसानों में भारी रोष है।

किसानों का कहना है कि किसान देश की रीढ़ की हड्डी है। अगर अन्नदाता ही दुखी और परेशान रहेगा तो देश की जनता का भविष्य कैसे सुरक्षित रहेगा? हम दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरते हैं, लेकिन हमारी आवाज को लगातार दबाया जा रहा है। टोल प्लाजा पर मौजूद किसानों ने यह भी कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं, लेकिन अगर सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

इस दौरान कई किसान संगठनों की अलग-अलग जत्थेबंदियां अपने-अपने झंडों के साथ मौके पर पहुंचीं, जिससे प्रदर्शन और भी बड़ा रूप लेता नजर आया। किसानों का कहना है कि यह एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी के बल पर वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से कोई बड़ी कार्रवाई देखने को नहीं मिली, हालांकि हालात पर नजर बनाए रखी जा रही है। टोल प्लाजा के आसपास का माहौल पूरी तरह आंदोलनमय बना रहा, जबकि आम लोगों को बिना टोल दिए राहत जरूर मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *