शिमला के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
छात्रों को तुरंत निकाला गया बाहर
शिमला, शिमला के कई स्कूलों को सोमवार को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने के बाद उन्हें खाली करा लिया गया और इन धमकियों से स्कूल प्रबंधन में दहशत फैल गई। पुलिस ने बताया कि शिमला के कई स्कूलों को ईमेल प्राप्त हुए जिनमें परिसर में विस्फोटक रखे होने का दावा करते हुए स्कूल भवनों को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
पुलिस ने बताया कि स्कूलों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और छात्रों को वहां से सुरक्षित बाहर निकालने के बाद परिसर की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि छात्रों के अभिभावकों को ईमेल के जरिए प्राप्त हुई धमकियों के बारे में सूचित किया गया।इसके बाद कई अभिभावक अपने बच्चों को वापस लेने के लिए स्कूलों में पहुंचे।बम रोधक दस्तों ने वहां किसी भी तरह के खतरों को लेकर पूर्वाभ्यास किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस इन धमकियों वाले ईमेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है, जिसमें किसी का नाम नहीं था।
