सुख सम्मान निधि का हिसाब मांग रही मातृ शक्ति: जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि व्यवस्था परिवर्तन वाली सुख की सरकार को बने साढ़े तीन साल का समय पूरा हो चुका है। चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश की 18 से 59 साल की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये देने की गारंटी दी थी। चुनाव के समय ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश की महिला शक्ति से 1500 रुपए के फॉर्म भरवाए गए थे, जो कांग्रेस मुख्यालय समेत अन्य कांग्रेस के ऑफिसों में धूल खाते रहे।
जयराम ठाकुर ने कहा कि इसी साल की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने मनाली और सुलह में जाकर मंच पर घोषणा की थी कि अप्रैल महीने से मनाली और सुलह की महिलाओं के खाते में 1500-1500 रुपये आने लगेंगे। अप्रैल का महीना बीत चुका है। मई आ चुकी है, लेकिन एक भी महिला के खाते में एक भी पैसा नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि सरकार पहले महीने से ही हर महिला को सम्मान निधि देने की घोषणा कांग्रेस के गली चौराहे के स्तर के नेताओं ने नहीं, कांग्रेस के केंद्रीय स्तर के सबसे बड़े नेताओं ने दी थी।हिमाचल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने दी थी। आज के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और सभी बड़े मंत्रियों ने दी थी। पंचायत चुनाव के समय उन्हें प्रदेश की उन सभी महिलाओं को बताना चाहिए कि जो गारंटी उन्होंने दी थी, जो फॉर्म उन्होंने भरवाए थे, उसकी वर्तमान स्थिति क्या है। स्थानीय निकाय चुनाव और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को नारी शक्ति के साथ ठगी करने का फल मिलेगा। विधानसभा चुनाव में भी उन्हें उनके पाप का फल मिलेगा।जयराम ठाकुर ने कहा कि महिलाओं को हक देने की बजाय कांग्रेस उनका हक छीन रही है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को विधायिका में 33 फीसद आरक्षण का कानून लेकर आए तो कांग्रेस ने उस बिल को गिरा दिया और उनका हक छीनने का जश्न मनाया। सम्मान निधि के नाम पर वोट लेकर महिलाओं को सम्मान देने वाली योजनाएं बंद की जा रही हैं। बेटियों के सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रही बेटी है अनमोल योजना बंद है। इस बार के बजट भाषण में इस योजना का नाम तक नहीं लिया गया। बेटियों की शादी के लिए सहयोग करने वाली शगुन और कन्यादान जैसी योजनाएं पहले ठप थीं और इस बजट सत्र में सरकार द्वारा उन्हें आधिकारिक तौर पर बंद करने की घोषणा कर दी गई है।
