April 10, 2026

विधायक विवेक शर्मा ने 150 परिवारों को 40 लाख के कृषि एवं लघु उद्योग उपकरण वितरित किए

अजय, बंगाणा, कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा की जनहितकारी पहल के तहत आज ग्राम पंचायत पलाहटा में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी के. एल. वर्मा ने की। इस दौरान लगभग 40 लाख रुपये की लागत से 150 लाभार्थी परिवारों को कृषि एवं लघु उद्योग से संबंधित आधुनिक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक विवेक शर्मा ने स्वयं लाभार्थियों को उपकरण वितरित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीणों की आय में वृद्धि के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की योजनाएं न केवल किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ती हैं, बल्कि स्वरोजगार को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देती हैं।
अपने संबोधन में विधायक ने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में वाटरशेड योजना के अंतर्गत लगभग 9 करोड़ रुपये के विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पूर्व थानाकलां, डीहर, दोबड़ एवं खरयालता पंचायतों में भी करीब 70 लाख रुपये के कृषि उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। अब तक क्षेत्र में लगभग 450 परिवारों को 1 करोड़ 10 लाख रुपये के उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जिससे ग्रामीणों की आजीविका को सुदृढ़ आधार मिला है।
उन्होंने आगे कहा कि योजना 2.0 का मुख्य उद्देश्य कृषि उत्पादन में वृद्धि करना है। साथ ही लघु उद्योग उपकरणों के वितरण से ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का सशक्त अवसर प्राप्त हो रहा है।
विधायक विवेक शर्मा ने लाभार्थियों से आह्वान किया कि वे इन उपकरणों का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग करें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और वे अन्य लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) बंगाणा सोनू गोयल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *