राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले का पुलिस उप महानिरीक्षक सौम्या सांबशिवन ने नगरोटा वासियों साथ मिलकर किया शुभारंभ
27 को धूम मचाएंगे प्रसिद्ध गायक गुमनाम गुरनाम भुल्लर।
नगरोटा। माता नारदा शारदा को समर्पित नगरोटा के ऐतिहासिक राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा और टमक की थाप के साथ शुरू हो गया। मेले का शुभारम्भ नवरात्रों के दौरान नारी शक्ति की प्रतीक पुलिस उप महानिरीक्षक उतरी जोन धर्मशाला सौम्या सांबशिवन ने किया। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम नगरोटा मुनीश शर्मा, मेला कमेटी के तमाम सदस्य और नगरोटा वासी मौजूद रहे। सभी ने सर्वप्रथम मां नारदा शारदा के मंदिर में माथा टेका और झंडा रस्म की पूजा-अर्चना की। टमक की थाप के साथ मेले का शुभारम्भ हो गया। डीआईजी और एसडीएम नगरोटा ने पौराणिक वाद्य यंत्र टमक बजाने का आनंद लिया। शोभायात्रा मंदिर से नगरोटा के पौराणिक
बजरंगबली मंदिर में पहुंची उन्होंने वहां भी आशिर्वाद लिया। इसके उपरांत शोभायात्रा नगरोटा के एतिहासिक लिदबड़ ग्राउंड पहुंची। उन्होंने कुश्ती के मैदान में झंडा स्थापित किया और इसी के साथ दंगल का शुभारम्भ हो गया।
डीआईजी ने कुश्ती करने वाले बच्चों से मुलाकात की और उन्हें शुभकामनायें दीं। उन्होंने बच्चों की कुश्ती का भी आनंद लिया। उन्होंने संबोधन के दौरान सभी को इस एतिहासिक मेले के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा मां नारदा शारदा के दर पर आने का उन्हें मौका मिला यह उनके जीवन का अद्भुत पल है। उन्होंने कहा यहां के बच्चे कुशाग्र हैं। उन्होंने कहा सभी पर माँ की असीम कृपा बनी रहे ऐसी मनोकामना है। एसडीएम नगरोटा ने संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि का मेले में मुख्यअतिथि बनकर पहुँचने पर अभिवादन किया। उन्होंने समस्त नगरोटा वासियों को राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले के शुभारंभ के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा इस वर्ष का यह मेला और अधिक एतिहासिक होगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली का आभार जताया जिनके प्रयासों से यह मेला राज्य स्तरीय हुआ और ग्राउंड का कायाकल्प हुआ है। उन्होंने मेले के कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए कहा मेले में 1 दिन नगरोटा के बच्चों के लिए और 1 दिन नगरोटा की महिलाओं के लिए रखा गया है जिसमें बच्चे और महिलाएं अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगी। उन्होंने बताया महिलाओं के लिए 26 मार्च को निशुल्क मेहंदी लगाई जायगी और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली महिलाओं को आरएस बाली और उनकी धर्मपत्नी की तरफ से उपहार दिए जायेंगे। उन्होंने बताया इस वर्ष के मेले में ब्रज की फूलों की होली और गंगा घाट की आरती मुख्य आकर्षण होगी। उन्होंने गंगा घाट की आरती वाले दिन सभी से घर से दीपक लाने और यहां जलाने की अपील की। उन्होंने कहा 27 और 28 मार्च के दिन हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया 27 मार्च के स्टार नाइट् में प्रसिद्ध गायक गुरनाम भुल्लर सभी को अपने गानों से नचाएंगे।
