आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के सफल संचालन के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
बिलासपुर,: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देशानुसार आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीरियोडिक लेबर फोर्स सर्वे) का कार्य प्रदेश के समस्त जिलों सहित जिला बिलासपुर में भी प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। इस सर्वेक्षण के अंतर्गत जिला सांख्यिकी कार्यालय के कर्मचारी निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन एप्लीकेशन के माध्यम से घर-घर (डोर-टू-डोर) जाकर आवश्यक जानकारी एकत्रित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्रित की गई सटीक एवं विश्वसनीय जानकारी श्रम बाजार संकेतकों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सर्वेक्षण के माध्यम से एकत्रित जानकारी जिला में लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक स्तर की स्थिति का आंकलन करने में मदद करेगी। साथ ही बताया कि एकत्रित की गई जानकारी लोगों के जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में सरकार द्वारा विकासशील नीतियों के निर्माण में भी मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि नागरिकों द्वारा प्रदान की गई समस्त जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
उपायुक्त ने जिला के सभी नागरिकों से अपील की है कि वह सर्वेक्षण कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें तथा सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न किया जा सके।
