March 20, 2026

नगर पंचायत बड़सर और भोटा की मतदाता सूचियों के लिए पुनरीक्षण अधिकारियों की नियुक्ति

बड़सर 20 मार्च। एसडीएम एवं नगर पंचायत बड़सर और भोटा की मतदाता पंजीकरण अधिकारी स्वाति डोगरा ने इन दोनों नगर पंचायतों की मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण कार्य के लिए पुनरीक्षण अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए एसडीएम ने बताया कि बड़सर के तहसीलदार राजन कुमार को नगर पंचायत बड़सर की मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण अधिकारी नियुक्त किया गया है। जबकि, भोटा के नायब तहसीलदार जोगिंद्र कुमार नगर पंचायत भोटा की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण अधिकारी होंगे।
उन्होंने बताया कि इन दोनों शहरी निकायों की मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण के लिए भी अर्हक तिथि एक अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। यानि एक अप्रैल 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी अपने नाम मतदाता सूचियों में दर्ज करवा सकते हैं। मतदाता सूचियों में नाम दर्ज करवाने के दावे या अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए आपत्तियां 28 मार्च तक पुनरीक्षण अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती हैं।
पुनरीक्षण अधिकारी इन दावों या आपत्तियां का निपटारा 2 अप्रैल तक सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *