कमलेश ठाकुर ने चार पंचायतों में किए 2 करोड़ 4 लाख रुपये के शिलान्यास व भूमिपूजन
क्षेत्र में विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
देहरा,
देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने क्षेत्र की पंचायत घेड मानगढ़, मसरूर, सकरी और बिलासपुर का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास किए।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कमलेश ठाकुर ने सर्वप्रथम ग्राम पंचायत घेड मानगढ़ में 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पंचायत सामुदायिक भवन का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि गांव स्तर पर शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने ग्राम पंचायत घेड मानगढ़ के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह पंचायत सामुदायिक भवन 1 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित होगा और निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस भवन में पंचायत सामुदायिक हॉल, प्रधान कार्यालय, सचिव कार्यालय,सीएससी तथा सामुदायिक सुविधा केंद्र जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पंचायत के प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
इसके उपरांत कमलेश ठाकुर ने मसरूर, सकरी और बिलासपुर पंचायतों का भी दौरा किया। मसरूर में उन्होंने दो संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मसरूर मंदिर से घरियार वाया ओथडा संपर्क मार्ग के निर्माण पर लगभग 35 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त चतरा मोड़ से पदरवासी संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए भी 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत सकरी में उन्होंने एनडीआरएफ के अंतर्गत सासन बस्ती से ग्राम पंचायत सकरी तक संपर्क मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया, जिस पर लगभग 10 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी और इसी के साथ बिलासपुर पंचायत में संपर्क सड़क गिल बस्ती से पशु चिकित्सालय तक वाया गद्दी,एस टी , टैल्ला बस्ती भकलेहड़ बस्ती ग्राम पंचायत बिलासपुर और सालेरा तक का निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया जिसके लिए 15 लाख राशि व्यय की जाएगी । इसी तरह ग्राम पंचायत बिलासपुर में 10 लाख की लागत से कुलहान पुल से जारा सिंह के घर तक सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।
इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
विधायक कमलेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि देहरा विधानसभा क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के हर गांव तक पक्की सड़कें, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
दौरे के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
सभी स्थानों पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। विधायक ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ किया जाए और किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक कमलेश ठाकुर का आभार व्यक्त किया ।
इस अवसर पर तहसीलदार करमचंद कालिया, हरिपुर सुरेश कुमार अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बलवीर ठाकुर ,सहायक अभियंता गुरबचन सिंह, पूर्व निदेशक दि कांगड़ा राज्य सहकारी बैंक चौधरी सुनील कश्यप , पूर्व महासचिव इंद्रजीत शर्मा , आरटीए सदस्य पवन चौधरी, विकलांग कल्याण बोर्ड के सदस्य अवनीत पठानियां, , यूथ ब्लॉक अध्यक्ष सुमित ठाकुर,एचपीएमसी आमंत्रित सदस्य पुष्पेंद्र शर्मा, पूर्व प्रधान राजेन्द्र पठानिया ,रीना दरोच ,किरण गुलेरिया ,बूथ इंचार्ज मसरूर अमित सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी व कर्मचारी , कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
