February 24, 2026

होली महोत्सव खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने में रख रही विशेष महत्व- आशीष बुटेल

विधायक ने कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन में की बतौर मुख्य अतिथि शिरकत

पालमपुर, : पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल ने कहा है कि राज्य स्तरीय होली महोत्सव के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने में विशेष महत्व रख रही हैं।

सोमवार को पालमपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय होली महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कबड्डी एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए विधायक ने इस बात पर जोर दिया कि खेलों के माध्यम से ही युवा पीढ़ी को नशे की कुरीतियों से बचाकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कबड्डी और वॉलीबॉल के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद की गतिविधियां अनुशासन की भावना पैदा करने के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को भी सही रखती हैं। आशीष बुटेल ने आयोजन समिति की सत्य निष्ठा और लगन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष होली महोत्सव के पावन अवसर पर इन खेल गतिविधियों को बेहतरीन ढंग से आयोजित कर युवाओं को एक शानदार मंच प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कबड्डी और बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं में विभिन्न टीमों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और प्रतियोगिता देर शाम तक चली । उसके उपरांत विधायक ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।

इस दौरान वूल फेडरेशन मंडल के सदस्य त्रिलोक चंद, मेयर गोपाल नाग, कबड्डी टूर्नामेंट के कनवीनर अनुराग नरयाल अनु, नसीब राणा, नरेश वर्मा, सुरेश कुमार, सुमित कुमार, अमित कुमार, राजीव जमवाल, गुरदीप सिंह, नरेश कटोच, रंजीत सुनील शर्मा, नितेश सूद, राजेश तलवार, नीरज, विकास मिन्हास, सुनील कुमार और नगर निगम के समस्त पार्षद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *