March 13, 2026

हिमाचल के मैदानी इलाकों में घने कोहरे का ‘येलो अलर्ट’

9 जनवरी को बर्फबारी के आसार

शिमला : हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ होने की वजह से मौसम में गर्माहट है लेकिन मैदानी इलाकों में कोहरे का सितम जारी है। बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और मंडी के मैदानी भागों में दोपहर तक सूर्य देव के दर्शन हो रहे हैं। इन भागों में दोपहर तक घना कोहरा छाए रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर इन मैदानी जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी क्षेत्रों में आगामी छह जनवरी तक घना कोहरा छाएगा। इससे विजीविलिटी कम रहेगी। प्रदेश में आठ जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा।

9 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में बारिश-बर्फ़बारी होने के आसार हैं। ऐसे में प्रदेश के हिल्स स्टेशनों में आने वाले समय में बर्फ़बारी का नज़ारा देखने को मिल सकता है। शिमला में सीजन की पहली बर्फ़बारी का पर्यटक बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। शिमला व आसपास के इलाकों में गुनुगनी धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। हालांकि रात के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। शिमला में बुधवार को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लाहौल-स्पीति जिला का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति के ही समधो में न्यूनतम तापमान -7.1 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में -2.4 डिग्री, रिकांगपिओ में 0.2, भुंतर में 0.5, मंडी में 1.2, सोलन में 1.4, सराहन व सुंदर नगर में 1.5, चम्बा में 2.9, भरमौर व पालमपुर में 3, कुफरी में 3.1 डलहौजी में 4.3, ऊना में 5 और धर्मशाला में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *