February 19, 2026

चरित्रवान एवम अनुशासित व्यक्ति हमेशा बुलंदियों को पाता है- सतीश के.कालिया

संजीव डोगरा, दौलतपुर चौक,
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दौलतपुर चौक में प्रधानाचार्य मैडम सनम की अगुवाई में चल रहे एनएसएस के विशेष शिविर में शनिवार को रिसोर्स पर्सन के रूप में जीएसएसएस घनारी के एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी सतीश के.कालिया ने शिरकत की। माँ सरस्वती के चरणों मे नमन एवम एनएसएस गीत से शुरू हुए कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन सतीश के. कालिया ने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि चरित्र से बढ़कर कोई मूल्य नही है और चरित्रवान एवम अनुशासित व्यक्ति हमेशा बुलंदियों को पाता है और सफलता हमेशा उसके कदमों को चूमती है। कालिया ने बताया कि जीवन मे अच्छे संस्कार ग्रहण करने से व्यक्तित्व विकास होता है। नैतिक मूल्य मानव को परिपूर्णता प्रदान कर उसे ईश्वरीय रचनाओं में श्रेष्ठ बनाते हैं, परंतु आधुनिकता के नाम पर इन मूल्यों का निरंतर अवमूल्यन होता जा रहा है। परिणामस्वरूप नैतिकता घुट-घुटकर ही सांस ले पा रही है। उन्होंने बताया कि नैतिक मूल्यों के अभाव में मनुष्य मानव जीवन को निर्थक बना देता है।उन्होंने कहा कि एन एस एस एक ऐसा मंच है जहाँ सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है,साथ ही विद्यार्थी पूरी लग्न, निष्ठा, मेहनत और ईमानदारी से कार्य करना सीखते हैं। उन्होंने स्वयंसेवियो से आह्वान किया कि श्रमदान के अतिरिक्त समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, अनपढ़ता इत्यादि बुराइयों के खात्मे हेतु घर घर जाकर अलख जगाएं। इस अवसर पर एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर प्रभुजोत राणा, सञ्जीव शर्मा , मनोज ठाकुर, अजय कुमार शर्मा, मोनिका रतन सहित स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *