May 27, 2026

नियुक्ति के दिन या इससे पहले ईएसआईसी पोर्टल पर हो कर्मचारियों का पंजीकरण

सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अनिवार्य है आधार बेस्ड पंजीकरण40 वर्ष से अधिक आयु के सभी कर्मचारियों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच भी अनिवार्य

हमीरपुर 27 मई। बद्दी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के क्षेत्रीय कार्यालय के उपनिदेशक (जनसंपर्क) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 एवं इसके अंतर्गत सामाजिक सुरक्षा (केंद्रीय) नियम-2025 के तहत कर्मचारी राज्य बीमा योजना (ईएसआई स्कीम) से संबंधित दो महत्वपूर्ण प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इन प्रावधानों का उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि सभी नियोजकों के लिए अब ईएसआई स्कीम के अंतर्गत कर्मचारियों का आधार आधारित पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। इसलिए, सभी नियोजक अपने प्रत्येक कर्मचारी का ईएसआईसी पोर्टल पर आधार आधारित पंजीकरण नियुक्ति की तिथि से पूर्व अथवा उसी दिन सुनिश्चित करें। पंजीकरण के समय कर्मचारी का आधार विवरण एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी पोर्टल पर अंकित की जाएगी तथा निगम द्वारा बीमित व्यक्ति एवं उसके आश्रित परिवारजनों को आधार से लिंक पहचान पत्र उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी नियोजक अपने कर्मचारियों के विवरण का प्रमाणीकरण यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित बायोमैट्रिक, ओटीपी अथवा फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से 30 दिनों के भीतर अवश्य करवाएं। निर्धारित अवधि में प्रमाणीकरण न होने की स्थिति में संबंधित पंजीकरण अमान्य माना जाएगा।
उपनिदेशक ने बताया कि चार नई श्रम संहिताओं लागू होने के बाद 40 वर्ष अथवा उससे अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच अब अनिवार्य कर दी गई है। सभी नियोजक ईएसआई स्कीम के अंतर्गत अपने कर्मचारियों को स्वास्थ्य जांच के लिए एक दिन का सवेतन अवकाश प्रदान करें, ताकि वे निर्धारित स्वास्थ्य जांच शिविरों में अपनी जांच करवा सकें। इसमें रक्त जांच, छाती का एक्स-रे, ईसीजी तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श शामिल है। यह सुविधा सभी ईएसआईसी एवं ईएसआईएस अस्पतालों में पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
ईएसआईसी अस्पताल गांव कत्था, बद्दी और ईएसआईएस अस्पताल परवाणु के अलावा ऊना जिले के कर्मचारियों के लिए ईएसआईएस अस्पताल होशियारपुर में ये सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनके अतिरिक्त काला अंब के ईएसआईसी मॉडल अस्पताल में भी स्वास्थ्य जांच शिविर आरंभ किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सभी नियोजक अपने क्षेत्र के कर्मचारियों को स्थानीय ईएसआईसी शाखा कार्यालय अथवा स्थानीय सामाजिक सुरक्षा अधिकारी के समन्वय से चरणबद्ध ढंग में स्वास्थ्य जांच हेतु भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *