ऊना में मारपीट की तीन अलग-अलग घटनाएं, कई घायलपुलिस ने दर्ज किए मामले, जांच जारी
ऊना, 27 मई। जिला ऊना में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट की तीन घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायतों के आधार पर BNS की प्रासंगिक धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला पुलिस थाना अम्ब के तहत सामने आया है। अश्वनी कुमार निवासी दियाडा तहसील अम्ब ने शिकायत दर्ज करवाई कि 25 मई को जब वह पानी का टैंकर लेकर जा रहा था तो मुकाम हम्बोली में साधू राम, सन्नी और लक्की ने उसका रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट की। घटना में उसे चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला पुलिस थाना बंगाणा में दर्ज किया गया। शालू शर्मा निवासी भियांवी ने शिकायत में बताया कि 26 मई रात करीब 9:30 बजे उसके पड़ोसी सुरेश कुमार ने उसके पिता का रास्ता रोककर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीसरा मामला पुलिस थाना मैहतपुर क्षेत्र का है, जहां दो पक्षों के बीच आपसी मारपीट हुई।
पहले पक्ष के निखिल कुमार निवासी वनगढ़ ने शिकायत में बताया कि 26-27 मई की रात करीब 12:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ बनगढ़ चौक स्थित दुकान पर बैठा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो और बोलेरो में आए कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हुए।
वहीं दूसरे पक्ष के सौरव ठाकुर ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह अपने रिश्तेदारों व दोस्तों के साथ माता बगलामुखी मंदिर जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने दराट लेकर उनका रास्ता रोक लिया और मारपीट की। इस घटना में भी कई लोगों को चोटें आई हैं।
पुलिस अधीक्षक ऊना ने बताया कि सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच जारी है।
