एसआईआर के तहत नोटिस वितरण एवं ऑनलाइन प्रक्रिया संबंधी कार्यशाला आयोजित हुई
एडीसी एवं बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी दीपक बाबू लाल करवा के मार्गदर्शन में लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत नोटिस वितरण एवं ऑनलाइन प्रक्रिया संबंधी कार्यशाला आयोजित हुई। एसडीएम महेश कुमार ने निर्देश दिए कि एसआईआर के तहत नोटिस जारी करने में पूरी सावधानी बरती जाए। सुनवाई से पहले कम से कम सात दिन का समय दिया जाए। सुनवाई के दौरान जो दस्तावेज मतदाताओं द्वारा दिए जाएंगे, उनकी गहनता से जांच की जाए। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई को मतदाता सूची प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा। कार्यशाला में एसडीएम लोहारू मनोज दलाल, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार, एसडीएम सिवानी विजया मलिक भी मौजूद रहे।
एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि एसआईआर के अंतर्गत केवल तीन श्रेणियों के मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इनमें नो मैपिंग, डिस्क्रेपेंसी/लॉजिकल तथा अदर कैटेगरी के मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेजों का सत्यापन कर सुनवाई के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
