September 11, 2026

हंगामे की भेंट चढ़ गया संसद का शीतकालीन सत्र

दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

नई दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र एक तरह से पूरा का पूरा हंगामे की भेंट चढ़ गया। इस बार सत्र में कोई खास काम नहीं हो सका। सरकार ने एक देश, एक चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण विधेयक संसद में पेश तो कर दिया लेकिन इसे जेपीसी को विचार के लिए भेज दिया गया। इसके अलावा वक्फ विधेयक भी टाल दिया गया। इस सत्र में संविधान पर जरूर चर्चा हुई लेकिन वह भी आरोप-प्रत्यारोप तक ही सीमित रही। सत्र के शुरुआती दिन अडाणी विवाद और अंतिम दिन अमित शाह की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद की भेंट चढ़ गये। इस बीच, संसद परिसर में एक दिन पहले जो कुछ हुआ उससे देश चिंतित नजर आ रहा है क्योंकि बात सिर्फ दो सांसदों को शारीरिक रूप से नुकसान पहुंचाने की नहीं है बल्कि लोकतंत्र की गरिमा और मर्यादा को बड़ा पहुंचाने पहुंचाने की भी है।

इस बीच, संसद परिसर में हुई ‘‘धक्का-मुक्की’’ के सिलसिले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर मामला दर्ज होने के बाद बताया जा रहा है कि पुलिस इस घटना में घायल दो सांसदों के बयान दर्ज कर सकती है और विपक्षी नेता को पूछताछ के लिए भी बुला सकती है। दिल्ली पुलिस संसद सचिवालय को भी पत्र लिखकर उस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की मांग कर सकती है, जहां घटना घटी थी। एक अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले को स्थानीय पुलिस से अपराध शाखा को सौंपने पर भी विचार कर सकते हैं। भाजपा द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के कुछ घंटों बाद ही राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। शिकायत में उन पर धक्का-मुक्की के दौरान हमला करने और उकसाने का आरोप लगाया गया है। इस धक्का-मुक्की में भाजपा के दो सांसद प्रताप चंद्र सारंगी और मुकेश राजपूत घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *