न्यू चंडीगढ़ में आईपीएल क्वालिफायर-2 पर मौसम का खतरा
आईएमडी ने जारी किया रेड अलर्ट
न्यू चंडीगढ़ स्थित पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार शाम होने वाले आईपीएल क्वालिफायर-2 मुकाबले पर मौसम का खतरा मंडरा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश, 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंकों और ओलावृष्टि को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।
गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होना है, जबकि आईएमडी ने शाम 4 बजे से रात 9 बजे के बीच मौसम के सबसे ज्यादा खराब रहने की आशंका जताई है।मौसम विभाग की चेतावनी के कारण मैच पर संकट गहरा गया है। अगर मुकाबला बारिश की वजह से रद्द होता है, तो लीग चरण में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर गुजरात टाइटंस आईपीएल फाइनल में पहुंच जाएगी। इसके बाद उसका सामना रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा।शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ ट्राइसिटी में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा। हल्की हवाएं और बादल छाए रहने के बावजूद रिपोर्ट लिखे जाने तक बारिश नहीं हुई थी। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि शाम तक हालात तेजी से बदल सकते हैं।
गर्मी से भी कुछ राहत मिली है। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। मोहाली में रात का तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
