पीएसपीसीएल के पूर्व चेयरमैन को विजिलेंस ब्यूरो ने किया गिरफ्तार
सरकारी फंड के दुरुपयोग का आरोप
मोहाली, पंजाब विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना ने बुधवार को पंजाब स्टेट पॉलर कार्पोरेशन लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन केडी चौधरी, तत्कालीन एसडीओ संजीव प्रभाकर और लुधियाना के बिल्डर अमित गर्ग को सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के मामले में गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस जांच में सामने आया कि तीनों ने कथित मिलीभगत से पीएसपीसीएल के करीब 10 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कर लुधियाना की निजी हाउसिंग कॉलोनी बसंत सिटी में 66 केवी सब-स्टेशन स्थापित कराया। जांच एजेंसियों के अनुसार नियमों के तहत इस तरह का सब-स्टेशन कॉलोनी डेवलपर को अपने खर्च पर लगाना था, लेकिन आरोप है कि विभागीय अधिकारियों ने नियमों को दरकिनार करते हुए सरकारी फंड का इस्तेमाल किया।
विजिलेंस ब्यूरो का कहना है कि जांच के दौरान पीएसपीसीएल अधिकारियों और बिल्डर के बीच मिलीभगत के सबूत मिले हैं। बताया गया कि संजीव प्रभाकर कुछ वर्ष पहले विभाग से डिप्टी चीफ इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि केडी चौधरी वर्ष 2017 में पीएसपीसीएल के सीएमडी पद से रिटायर हुए थे। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक इस मामले की जांच वर्ष 2021 से चल रही थी और इसी वर्ष प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
