July 8, 2026

10 जुलाई को 5 मिनट के लिए थम जाएगा ऊना

टीबी मुक्त और नशा मुक्त समाज के निर्माण का लेगा सामूहिक संकल्प
रजनी,ऊना, टीबी और चिट्टे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जिला प्रशासन 10 जुलाई को जिलेभर में विशेष जनसंकल्प अभियान चलाएगा। दोपहर 12 बजे से 12:05 बजे तक सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी निकायों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा अन्य सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन एक साथ टीबी मुक्त एवं नशा मुक्त ऊना के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेंगे। इस दौरान पूरे जिले में पांच मिनट के लिए सामान्य गतिविधियां थम जाएंगी और जनस्वास्थ्य तथा नशामुक्ति के प्रति एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।
उपायुक्त जतिन लाल ने सभी विभागाध्यक्षों, उपमंडल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों तथा संबंधित विभागों को अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर सभी संस्थानों में टीबी के लक्षण, समय पर जांच, निःशुल्क उपचार तथा उपचार को बीच में न छोड़ने के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा तथा उपस्थित सभी लोगों को सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए एंटी-चिट्टा अभियान चला रही है। वहीं टीबी मुक्त हिमाचल के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन दोनों अभियानों की सफलता में जनसहभागिता सबसे अहम कड़ी है और 10 जुलाई का यह सामूहिक संकल्प उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि नशे से दूरी बनाकर ही स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है, जबकि टीबी का समय पर पता लगने और पूरा उपचार कराने से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस जनअभियान का हिस्सा बनने तथा अपने परिवार, कार्यस्थल और आसपास के लोगों को भी टीबी एवं नशे के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूरा जिला एक समय पर टीबी और नशे के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता दोहराएगा और यह जनभागीदारी से जनआंदोलन को और मजबूती देने वाली पहल बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *