July 3, 2026

करसोग में तीन दिवसीय एंटी-चिट्टा बैडमिंटन टूर्नामेंट शुरू, एसडीएम ने किया शुभारंभ

युवा खेल अपनाएं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से रहे दूर: गौरव महाजन
करसोग, मिनी सचिवालय करसोग परिसर में तीन दिवसीय एंटी-चिट्टा बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने रिबन काट कर किया। समारोह में डीएसपी करसोग चंद किशोर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
करसोग उपमंडल प्रशासन की देख रेख में आयोजित किए जा रहे इस टूर्नामेंट का आयोजन नगर पंचायत करसोग व स्पोर्टस क्लब करसोग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। तीन दिवसीय एंटी-चिट्टा बैडमिंटन प्रतियोगिता 3 से 5 जुलाई तक चलेगी।

इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान कर उन्हें अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि एंटी-चिट्टा अभियान के तहत आयोजित इस प्रकार के खेल आयोजन समाज में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं और विद्यार्थियों से खेल से जुड़ने और चिट्टे जैसे खतरनाक ज़हर से दूर रहने का आह्वान किया।

इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 128 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर बीडीओ करसोग सुरेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार राहुल शर्मा, नगर पंचायत करसोग के अध्यक्ष किशोर कुमार, उपाध्यक्ष उत्तम चंद चौहान, नगर पंचायत करसोग के समस्त पार्षदगण, स्पोर्ट्स क्लब करसोग के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार काकू, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *