July 3, 2026

सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का नया ठिकाना

रजनी, ऊना,. प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मेहनत के साथ-साथ शांत, अनुशासित और प्रेरणादायी अध्ययन वातावरण भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ऊना ने सामर्थ्य पहल के अंतर्गत मिनी सचिवालय ऊना के कक्ष संख्या 221 में करीब 15 लाख रुपये की लागत से ‘सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय’ विकसित किया है। आज यह पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अध्ययन का एक बेहतर केंद्र बनकर उभर रहा है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में युवाओं और महिलाओं के सशक्तीकरण को प्राथमिकता देने की राज्य सरकार की सोच के अनुरूप उपायुक्त जतिन लाल के मार्गदर्शन में शुरू की गई सामर्थ्य पहल का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक अवसर, गुणवत्तापूर्ण संसाधन और बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

ज्ञानदीप पुस्तकालय उसी सोच का साकार रूप है। इसके माध्यम से युवाओं को जिले में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त जतिन लाल की परिकल्पना से साकार हुआ यह पुस्तकालय पढ़ाई का बेहतर स्थल होने के साथ ही युवाओं में अध्ययन संस्कृति विकसित करने का एक प्रयास भी है। उनका मानना है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, आवश्यकता केवल ऐसे वातावरण की होती है जहां युवा पूरी एकाग्रता और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की तैयारी कर सकें। इसी सोच के साथ इस पुस्तकालय की स्थापना की गई, ताकि विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सुविधाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हो सकें।

मिनी सचिवालय ऊना के अलावा सामर्थ्य ज्ञानदीप पुस्तकालय पंजावर और मैड़ी खास में भी स्थापित किए गए हैं। वहीं माता श्री चिंतपूर्णी के श्री माईदास सदन स्थित पुस्तकालय के आधुनिकीकरण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

फ्री वाई-फाई, एसी रूम और शांत वातावरण
सहायक आयुक्त विनय मोदी ने बताया कि पुस्तकालय प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित किया जाता है। यहां एक समय में लगभग 30 विद्यार्थियों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था है। पुस्तकालय में वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, निशुल्क वाई-फाई, आधुनिक फर्नीचर, आरामदायक बैठने की व्यवस्था तथा पूरी तरह शांत और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि मात्र 200 रुपये प्रतिमाह के शुल्क पर विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। पुस्तकालय के संचालन के लिए निर्धारित नियम यह सुनिश्चित करते हैं कि अध्ययन का वातावरण हर समय एकाग्रता और अनुशासन के अनुकूल बना रहे।

पुस्तकालय की सदस्यता प्राप्त करने के इच्छुक युवा मिनी सचिवालय, ऊना स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव कार्यालय, कक्ष संख्या 406 में कार्यालय समय के दौरान संपर्क कर सकते हैं।

युवाओं ने सराहे प्रयास

दूसाड़ा निवासी सोनाक्षी ने बताया कि जमा दो की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। पहले वह घर पर ही पढ़ाई करती थीं, लेकिन वहां एकाग्र होकर अध्ययन करने का उपयुक्त माहौल नहीं मिल पाता था। ज्ञानदीप पुस्तकालय की जानकारी मिलने के बाद अब उन्हें नियमित अध्ययन के लिए शांत, सुरक्षित और प्रेरणादायी वातावरण मिला है। उनका कहना है कि यहाँ उपलब्ध निशुल्क वाई-फाई, वातानुकूलित कक्ष और अनुशासित माहौल उनकी तैयारी में काफी मदद कर रहा है।

वहीं डॉ. अनु कौशल, जो पेशे से डेंटल सर्जन हैं और संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रही हैं, कहती हैं कि पुस्तकालय का सकारात्मक और सुरक्षित वातावरण नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करता है। यहां उपलब्ध सुविधाएं और समय-समय पर उपायुक्त जतिन लाल द्वारा दिया जाने वाला मार्गदर्शन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाता है। उनका मानना है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस पुस्तकालय का लाभ उठाना चाहिए।

ज्ञानदीप पुस्तकालय इस विश्वास को और मजबूत करता है कि सही वातावरण, बेहतर संसाधन और उचित मार्गदर्शन मिल जाए तो प्रतिभा अपने लिए रास्ता स्वयं बना लेती है। जिला प्रशासन ने जिले के युवाओं से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। मात्र 200 रुपये प्रतिमाह के शुल्क पर उपलब्ध यह पुस्तकालय ऊना के युवाओं को उनके सपनों के करीब ले जाने वाला एक भरोसेमंद अध्ययन केंद्र बनकर उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *