पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
चंडीगढ़, पंजाब सचिवालय को बम धमकी मिलने के बाद वीरवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में बम होने की सूचना दी गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब स्क्वॉड) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया। धमकी के बाद सचिवालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने भवन के विभिन्न हिस्सों की गहन जांच की, लेकिन प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस और साइबर सेल की टीमें धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हैं। तकनीकी जांच के माध्यम से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ई-मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है।
अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए हैं।
