June 27, 2026

टीईटी का प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना के बाद परीक्षा की गई स्थगित, कल होना था एग्जाम

मुंबई, महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) रविवार, 28 जून को आयोजित होने से महज 24 घंटे पहले कथित पेपर लीक के कारण स्थगित कर दी गई। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (एमएससीई) ने गोपनीय सूचना मिलने के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को ठाणे जिले के भिवंडी क्षेत्र में टीईटी प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए, जिनकी जांच में पाया गया कि उनमें मौजूद कई प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। इसके बाद परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे और परिषद ने तत्काल परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया।

पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र किस प्रकार लीक हुआ और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं था।

एमएससीई की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि परीक्षा की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी। शिक्षा विभाग जल्द ही विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी देगा।

इस परीक्षा के लिए राज्यभर से लगभग 4 लाख 28 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा 1,428 केंद्रों पर आयोजित होनी थी। इनमें 2,26,263 ऐसे शिक्षक शामिल थे जो पहले से सेवा में हैं और टीईटी की अनिवार्य पात्रता प्राप्त करने के लिए परीक्षा देने वाले थे, जबकि शेष अभ्यर्थी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे थे। परीक्षा स्थगित होने से लाखों उम्मीदवारों की तैयारियों और भविष्य की योजनाओं पर असर पड़ा है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र में टीईटी परीक्षा को लेकर यह पहला विवाद नहीं है। वर्ष 2025 में भी कोल्हापुर से टीईटी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *