August 1, 2026

हीरानगर में बनेगा स्ट्रीट फूड हब, लोगों को आउटिंग के लिए मिलेगी बेहतरीन जगह

हमीरपुर । सुबह शाम टहलने, एक्सरसाइज एवं योग करने तथा अक्सर अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए हमीरपुर के हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में आने वाले लोगों के लिए यहां कई अन्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन एक विशेष पहल करने जा रहा है। जिला प्रशासन ने इसी पार्क के बाहरी क्षेत्र को स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है।
वन विभाग के माध्यम से लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जाने वाले इस स्ट्रीट फूड हब में हिमाचली धाम, मक्की की रोटी, सरसों का साग, सिड्डू, परांठा और अन्य पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों से लेकर डोसा, इडली, समोसा, टिक्की तथा अन्य पारंपरिक भारतीय व्यंजनों के साथ-साथ कॉन्टीनेंटल फूड और अन्य फूड आइटम्स भी उपलब्ध होंगी। स्ट्रीट फूड हब में स्वच्छता और फूड आइटम्स की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मानकों के अनुसार प्रबंध किए जाएंगे।
जिला प्रशासन की इस परिकल्पना को साकार करने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। वन विभाग भी इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए होमवर्क कर रहा है। इससे हमीरपुरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को हीरानगर के चिल्ड्रन पार्क में एक आदर्श पिकनिक स्पॉट के साथ-साथ खाने के लिए भी बेहतरीन एवं स्वच्छ जगह उपलब्ध होगी। उन्हें अपने वाहनों की पार्किंग की चिंता भी नहीं होगी। स्थानीय छोटे व्यापारियों को भी कारोबार के लिए अच्छी जगह मिलेगी।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों जैसे-कुल्लू जिला के मढ़ी और जलोड़ी पास इत्यादि स्थानों पर इस तरह के स्ट्रीट फूड हब बहुत ही अच्छे ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। इन्हीं की तर्ज पर हीरानगर में भी फूड स्टॉल्स स्थापित करने की योजना है।
उधर, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि हमीरपुर में लंबे समय से एक ऐसे स्थान की जरुरत महसूस की जा रही थी, जहां लोग अपने परिजनों एवं दोस्तों के साथ घूमने और कुछ सुकून भरे पल बिताने के साथ-साथ पसंदीदा व्यंजनों का जायका भी ले सकें तथा उन्हें वाहनों की पार्किंग की चिंता भी न हो। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने हीरानगर पर मुख्य सड़क के किनारे चिल्ड्रन पार्क के बाहरी क्षेत्र को स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत वन विभाग के माध्यम से फूड स्टॉल्स का निर्माण किया जाएगा। इन फूड स्टॉल्स में हिमाचल प्रदेश और देश के अन्य राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ कॉन्टीनेटल फूड तथा अन्य फूड आइटम्स भी मिलेंगी।
उपायुक्त ने कहा कि इससे लोगों को आउटिंग के लिए एक बेहतरीन जगह उपलब्ध होगी, छोटे व्यापारियों को कारोबार के लिए उपयुक्त स्थान मिलेगा और हमीरपुर शहर की भी एक नई इमेज बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *