सरकाघाट में जिला परिषद नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया सम्पन्न
चार जिला परिषद वार्डों से दाखिल सभी 20 नामांकन पत्र वैध घोषित
सरकाघाट, 12 मई।
सरकाघाट एवं गोपालपुर विकास खंड के अंतर्गत आने वाले चार जिला परिषद वार्डों के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया मंगलवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई।
यह जानकारी देते हुए सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि जिला परिषद के चारों वार्डों से कुल 20 उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी नामांकन पत्रों की गहन जांच की गई, जिनमें सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि वार्ड संख्या 27-कोट से 3 महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि वार्ड संख्या 28-भांबला से 5 महिला उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इसी प्रकार वार्ड संख्या 29-थौना से 6 महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दर्ज करवाया है। वहीं वार्ड संख्या 33-नवाही से 4 पुरुष एवं 2 महिला उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 और 15 मई को 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र वापस ले सकेंगे। उसके उपरांत प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे तथा अंतिम उम्मीदवार सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
