July 30, 2026

राजस्व मंत्री ने विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण रिकांगपिओ एवं सांगला की बैठक ली

जलशक्ति विभाग को रिब्बा, रारंग मल निकासी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश

रिकांगपिओ ,राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भवन के सम्मेलन कक्ष में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) रिकांगपिओ एवं सांगला की बैठक की अध्यक्षता की।

कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि रिकांगपिओ एवं सांगला क्षेत्र में स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा साडा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढी़करण से जुडे़ विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और सीधे संवाद के माध्यम से उनके संशय दूर किए और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

जनजातीय विकास मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने बैठक के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्र पोवारी की वर्तमान स्थिति, स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, मॉनसून सीज़न में नालियों की जल निकासी एवं सीवरेज प्रबंधन की प्रगति की समीक्षा की।

राजस्व मंत्री ने पर्यटन स्थल सांगला-कामरु क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों व पर्यटकों को शुद्ध वातावरण उपलब्ध हो सके और स्थानीय लोगों की प्रति व्यक्ति आय में इज़ाफा संभव हो सके। इसके अतिरिक्त, बागवानी मंत्री ने सांगला तहसील की विभिन्न गा्रम पंचायतों से चिन्हित स्थलों पर कूडे़दान स्थापित करना और ट्रक यूनियन के लिए पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रुप से चल सके और पर्यटन व्यवसायियों को कोई दिक्कत उत्पन्न न हो।

इसके उपरान्त, श्री जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग मंडल कल्पा व करछम तथा जल शक्ति विभाग मंडल रिकांगपिओ व पूह के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

जनजातीय विकास मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को लंबित पड़े संपर्क सड़कों के कार्य समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि सेब सीजन के दौरान स्थानीय किसान एवं बागवान अपनी उपज फल मण्डियों में समय अनुसार पहुंचा सके और बागवानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों से आहवान किया कि वे गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों पर विशेष बल दें ताकि ग्रामीण अधोसंरचना विकसित हो सके तथा निर्माण कार्यों में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों पर कडी़ कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।

जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने जल शक्ति विभाग पूह मंडल के अधिकारियों को रारंग व नमज्ञा गा्रम पंचायतों में मल निकासी परियोजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा इन परियोजनाओं को समयबद्ध सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने पूह गांव के लिए सिंचाई परियोजना को दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय लोगों को कृषि कार्यों में दिक्कत उत्पन्न न हो तथा पेयजल व्यवस्था पूह उपमंडल में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय निवासियों को पेयजल की किल्लत से निजात मिल सके।

उपमंडलाधिकारी कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बैठक का संचालन किया तथा विभिन्न विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति पर कैबिनेट मंत्री को अवगत करवाया।

बैठक में पुलिस उप अधीक्षक उमेश्वर राणा, किनफैड के अध्यक्ष चंद्र गोपाल नेगी, अधीशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोडुप नेगी, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग ललित जरयाल, लोक अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग बाल कृष्ण कौंडल, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग भावानगर प्रमोद नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *