July 13, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन संचालन शुभारंभ करेंगे

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन संचालन शुभारंभ करेंगे, यह ट्रेन 100 प्रतिशत प्रदूषण रहित होगी। इसी दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी भिवानी के नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज तथा नारनौल के पास गांव कोरियावास के मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ करेंगे, जो भिवानी – महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौभाग्य, खुशी और गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है जो वर्ष 2047 तक भारत के पूर्ण रूप से विकसित होने में बढ़ते कदम है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन प्रदूषण नियंत्रण के प्रति हर नागरिक को प्रेरित करने का भी काम करेगी। उन्होंने कहा कि बढ़ता हुआ प्रदूषण देश और दुनिया के लिए मौजूदा समय में सबसे बड़ा खतरा है। पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री जेपी दलाल, भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ और भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक मौजूद रहे।

सांसद ने कहा कि जींद में 17 जुलाई को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हर जिला मुख्यालय पर सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा, भिवानी और नारनौल में मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भिवानी में मिल्क प्लांट के पास मेडिकल कॉलेज के परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
सांसद ने कहा कि वर्तमान में प्रदूषण हमारे सामने सबसे बड़ी चुनौती है। इस इस चुनौती से निपटने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा 17 जुलाई को किए जाने वाला एक हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन एक बहुत बड़ा सार्थक कदम है।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले समारोह में सभी लोग इलेक्ट्रिक वाहनों से या पैदल जाएंगे, जो प्रदूषण नियंत्रण का संकेत होगा। जिला मुख्यालय आयोजित होने वाला कार्यक्रम 17 जुलाई को सुबह ठीक 9 बजे शुरू हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदूषण की समस्या से ही जलवायु में परिवर्तन हो रहा है। वायुमंडल पर प्रदूषण का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है ग्लेशियर कम हो रहे हैं। कभी अत्यधिक सूखा, तो कभी अत्यधिक सर्दी तो कभी अचानक मौसम में बदलाव होता है, इसका प्रभाव हमारे स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि सबसे पहले किसी भी संस्थान के लिए आधारभूत ढांचा तैयार करवाया जाता है, उसके बाद वहां पर संसाधन और जरूरत के अनुरूप स्टाफ की नियुक्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि पहले मात्र 12 प्रतिशत डॉक्टर ही सरकारी मेडिकल कॉलेज से पढ़ कर आते थे, लेकिन अब प्रधानमंत्री की दूरगामी सोच के चलते देश भर में प्रत्येक जिला मुख्यालय पर सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। मेडिकल कॉलेज और सरकारी अस्पतालों में नवीनतम तकनीक की जांच संबंधी मशीनें स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी समय हरियाणा प्रदेश में भी केवल एक रोहतक में ही मेडिकल कॉलेज था, जो बाद में पीजीआई बना। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से चिकित्सकों की कमी भी दूर होगी। नागरिकों को उनके घर के नजदीक ही चिकित्सा सुविधा मिलेंगी। हर जिला मुख्यालय पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना एक नई युग की शुरुआत की तरह है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति के लिए उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी सरकार का प्रयास है कि नागरिकों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *