July 13, 2026

प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए

हरियाणा सरकार की जनहितैषी पहल के तहत आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को नगराधीश अप्रितम सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है।
लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर के दौरान नगराधीश अप्रितम सिंह ने प्राप्त 7 शिकायतों की गंभीरतापूर्वक सुनवाई की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए, ताकि नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।
नगराधीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया के दौरान शिकायतकर्ताओं से नियमित संपर्क बनाए रखें तथा उन्हें उनकी शिकायत पर की जा रही कार्रवाई से समय-समय पर अवगत कराते रहें। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में तकनीकी अथवा दस्तावेजी कारणों से समय लग रहा हो तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक सीमा शर्मा, एलडीएम सागर फाल्दू, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज योगेश, जिला नगर योजनाकार बिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *