पीएम मोदी ने हिमंता सरमा को सीएम बनने पर दी बधाई
बताया बेहतरीन प्रशासक
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमंता बिस्वा सरमा को दूसरी बार असम का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने सीएम सरमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने एक बेहतरीन प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है और राज्य के लिए अग्रणी कार्य किए हैं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शपथ ग्रहण समारोह की फोटो शेयर करते हुए लिखा- असम के लिए एक शानदार दिन। लगातार तीसरी बार, एनडीए सरकार ने सत्ता संभाली है। शपथ ग्रहण करने पर हिमंता बिस्वा सरमा को बधाई। उन्होंने एक बेहतरीन प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई है और राज्य के लिए अग्रणी कार्य किए हैं। उनके आगामी कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।’ इसके साथ ही पीएम मोदी ने सरमा के साथ शपथ लेने वाले चार मंत्रियों को भी बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा- असम सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने पर रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नेओग को हार्दिक बधाई। असम के विकास की गति को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में उनके प्रयासों के लिए मेरी ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं।’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- असम के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हिमंता बिस्वा सरमा को हार्दिक बधाई। मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और उनके कुशल नेतृत्व में, असम विकास, समावेशी उन्नति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छुएगा। मैं हिमंता जी के आगामी कार्यकाल के अत्यंत सफल, प्रभावशाली और परिवर्तनकारी होने की कामना करता हूं। आज शपथ लेने वाले सभी मंत्रियों को भी बहुत-बहुत बधाई।
