July 1, 2026

पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था से लोगों को मिल रही बड़ी राहत – मंत्री विपुल गोयल

अब तक चार लाख से अधिक रजिस्ट्रियां सफलतापूर्वक हुई

  • पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने दी जानकारी

नूंह, – हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत अब तक चार लाख से अधिक रजिस्ट्रियां सफलतापूर्वक संपन्न हो चुकी हैं। इस व्यवस्था के तहत रजिस्ट्री के साथ ही इंतकाल की प्रक्रिया भी स्वत: संपन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में पटवारियों द्वारा इंतकाल दर्ज न किए जाने संबंधी शिकायतें लगातार प्राप्त होती थीं, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद इस समस्या का प्रभावी समाधान हुआ है।
मंत्री विपुल गोयल मंगलवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्टï निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दे रहे थे। मंत्री ने कहा कि नई प्रणाली को लागू करने से पहले इसका व्यापक परीक्षण किया गया था तथा आवश्यक तकनीकी सुधार और पोर्टल का अद्यतन कार्य भी पूरा कर लिया गया है। अब लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करते हुए सभी लंबित म्यूटेशन दर्ज किए जाएंगे तथा बैकलॉग को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित में निरंतर सुधारात्मक कदम उठा रही है। किसी भी नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रारंभिक स्तर पर आवश्यक समय दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग दो वर्षों के दौरान सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण एवं व्यापक सुधार लागू किए हैं, जिनका लाभ प्रदेश के नागरिकों को सीधे तौर पर मिलना शुरू हो गया है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के जो अधिकारी बेहतर कार्य करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा, जबकि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी जनता के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से समाधान सुनिश्चित करें। प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी के प्रति जवाबदेह है। इस अवसर पर वक्फ बोर्ड हरियाणा के प्रशासक जाकिर हुसैन, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *