April 28, 2026

हिमाचल में 26, 28 और 30 मई को पंचायत चुनाव

प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू

शिमला, हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की 3,754 पंचायतों के लिए चुनावी कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे प्रदेश में आदर्श चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, मतदान तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। 26 मई को पहले चरण के लिए वोट डाले जाएंगे जबकि द्वितीय चरण का मतदान 28 मई और तृतीय चरण का मतदान 30 मई को होगा। इस बारे अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी होगी। नामांकन पत्र 7, 8 और 11 मई को दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को होगी। उम्मीदवार 15 मई तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। वहीं, पंचायत चुनाव की मतगणना वोटिंग के तुरंत बाद की जाएगी।

निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने जानकारी दी कि इस बार कुल 50,48,000 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन चुनावों में लगभग 51,000 युवा मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार उपप्रधान पद के लिए कोई आरक्षण लागू नहीं होता है।

इसके साथ ही आयोग ने स्पष्ट किया है कि कुल्लू जिले की आनी और नग्गर ब्लॉक की दो पंचायतों में अभी चुनाव नहीं करवाए जाएंगे। इन पंचायतों का वर्तमान कार्यकाल वर्ष 2027 में पूरा होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *