April 28, 2026

गुजरात में सभी 15 नगर निगमों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत

अहमदाबाद, गुजरात में हाल ही में संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों ने एक बार फिर राज्य में भाजपा के दबदबे को साबित कर दिया है। भाजपा ने सभी 15 नगर निगमों में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर क्लीन स्वीप किया है। आंकड़ों के विश्लेषण से स्पष्ट है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मतदाताओं ने सत्ताधारी दल पर अटूट भरोसा जताया है। कुल 9992 सीटों में से 8068 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं, जिसमें भाजपा ने 6161 सीटों पर जीत दर्ज कर 76.4 प्रतिशत का जबरदस्त स्ट्राइक रेट हासिल किया है।

महानगरपालिकाओं में भाजपा का प्रदर्शन सबसे शानदार रहा है। यहां 1044 में से 890 सीटों के नतीजे आए हैं, जिनमें से 804 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया है। इस क्षेत्र में पार्टी का स्ट्राइक रेट 90 प्रतिशत से भी ऊपर रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस को मात्र 74 सीटों से संतोष करना पड़ा है, जो शहरी क्षेत्रों में उसकी कमजोर होती पकड़ को दर्शाता है।

नगरपालिकाओं और जिला पंचायतों में भी भाजपा ने अपनी बढ़त बनाए रखी है। नगरपालिकाओं की 2624 सीटों में से भाजपा को 1829 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस 402 सीटों पर सिमट गई है। जिला पंचायतों में भाजपा ने 82.3 प्रतिशत के स्ट्राइक रेट के साथ 723 सीटें जीती हैं। तालुका पंचायतों में भी 5234 सीटों में से भाजपा ने 2805 सीटें जीतकर अपनी जमीनी मजबूती का प्रदर्शन किया है।

इस चुनाव में अन्य दलों और निर्दलीयों ने भी कुछ क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। कुल मिलाकर अन्य के खाते में 592 सीटें गई हैं, जिनका स्ट्राइक रेट 7.3 प्रतिशत रहा है। तालुका पंचायतों में निर्दलीयों ने 380 सीटों पर जीत हासिल की है, जो बताता है कि कुछ स्थानीय मुद्दों पर मतदाताओं ने मुख्य दलों से हटकर भी विकल्प चुने हैं। कुल मिलाकर यह नतीजे राज्य की राजनीति में भाजपा की एकतरफा जीत और विपक्षी दलों के लिए आत्ममंथन का संकेत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *