May 14, 2026

पहले दिन जिला परिषद के 3 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए

हमीरपुर 14 मई। जिला की विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों को वापस लेने की प्रक्रिया वीरवार को आरंभ हुई। पहले दिन जिला परिषद के 3 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं।
एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह ने बताया कि जिला परिषद के वार्ड नंबर-6 ताल के दो उम्मीदवारों रोहित कुमार और सुरजीत कटोच ने अपने नाम वापस लिए। उन्होंने बताया कि हमीरपुर उपमंडल के अंतर्गत 5 जिला परिषद वार्डों के लिए 24 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से चमनेड़ वार्ड का एक नामांकन पत्र रद्द हो गया था। दो उम्मीदवारों ने वीरवार को अपने नाम वापस लिए हैं।
उधर, भोरंज के एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बताया कि उपमंडल के 4 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 17 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से 3 नामांकन पत्र रद्द हो गए थे। उन्होंने बताया कि वीरवार को किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया।
एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने बताया कि उपमंडल के 4 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 9 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक रद्द हो गया था। वीरवार को कोई भी नामांकन पत्र वापस नहीं लिया गया।
एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला ने बताया कि उपमंडल के दो जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 7 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं, जिनमें से किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया है।
उधर, एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने बताया कि उपमंडल के 4 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 12 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से बिझड़ी वार्ड के एक उम्मीदवार यशपाल ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया है।
-0-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *