एडेड कॉलेजों की ग्रांट जारी करवाने के लिए नॉन-टीचिंग इम्प्लाइज यूनियन का प्रतिनिधिमंडल
उच्च शिक्षा मंत्री और डीपीआई कॉलेज पंजाब से मिला
राज घई, आनंदपुर साहिब, पिछले लंबे समय से पंजाब के एडेड कॉलेजों में स्टाफ को ग्रांट न मिलने के कारण काफी बेचैनी पाई जा रही थी और स्टाफ आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इस संबंध में कल नॉन-टीचिंग इम्प्लाइज यूनियन पंजाब का एक प्रतिनिधिमंडल उच्च शिक्षा मंत्री सरदार हरजोत सिंह बैंस से मिला। प्रतिनिधिमंडल द्वारा शिक्षा मंत्री को बताया गया कि लंबे समय से पंजाब के एडेड कॉलेजों को ग्रांट न मिलने के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे स्टाफ में भारी चिंता और असंतोष है। इस पर शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मौके पर ही संबंधित विभाग को फोन के माध्यम से आदेश जारी किए।
नॉन-टीचिंग इम्प्लाइज यूनियन पंजाब के प्रेस सचिव श्री तेजिंदर सिंह ने बताया कि इसी संबंध में आज यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल डीपीआई कॉलेज पंजाब एच.एस. बराड़ से भी मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अन्य मांगों के साथ-साथ ग्रांट जारी करने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया और बताया कि वेतन न मिलने के कारण टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ आर्थिक बदहाली का शिकार हो रहा है। डीपीआई साहब ने प्रतिनिधिमंडल की बात को ध्यानपूर्वक सुना और मौके पर ही विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक आदेश जारी किए। साथ ही प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि अगले सप्ताह की शुरुआत में ग्रांट जारी कर दी जाएगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में नॉन-टीचिंग इम्प्लाइज यूनियन पंजाब के प्रधान स्विंदर सिंह गोला, जनरल सचिव जगदीप सिंह, ऑर्गेनाइजिंग सचिव प्रेम सिंह, गजिंदर सिंह तथा श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज आनंदपुर साहिब से रविंदरपाल सिंह उपस्थित थे। इस मौके पर ठेकेदार बचित्तर सिंह बैंस विशेष रूप से उपस्थित रहे।
