June 29, 2026

धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

धर्मशाला, धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित 17 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज मिनी सचिवालय स्थित कैबिनेट हॉल में गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
उपायुक्त ने नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नगर निगम धर्मशाला के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को गति देंगे।
इस अवसर पर वार्ड-1 फरसेटगंज की रेखा देवी, वार्ड-2 भागसूनाग के शमशेर नेहरिया, वार्ड-3 मैकलोडगंज की आशा देवी, वार्ड-4 कश्मीर हाउस की नीनू शर्मा, वार्ड-5 खजांची मोहल्ला की शैलजा, वार्ड-6 कोतवाली बाजार की करिश्मा छेत्री, वार्ड-7 सचिवालय की आशु, वार्ड-8 खेल परिसर की प्रेरणा गुलेरिया, वार्ड-9 सकोह के नरेश कुमार, वार्ड-10 श्यामनगर के सुदेश शास्त्री, वार्ड-11 रामनगर के अनुराग, वार्ड-12 बड़ोल की मीना कुमारी, वार्ड-13 दाड़ी के हर्ष ओबरॉय, वार्ड-14 कंड के अनोज बिष्ट, वार्ड-15 खनियारा के परवीन कुमार, वार्ड-16 सिद्धपुर की अनुपम कटोच तथा वार्ड-17 सिद्धबाड़ी के विशाल जम्वाल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
इसके उपरांत महापौर एवं उपमहापौर के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई, लेकिन आवश्यक कोरम पूरा न होने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न नहीं हो सकी।
समारोह में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल, संयुक्त आयुक्त सुरेंद्र कटोच, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *