May 12, 2026

पेपर लीक के आरोपों के बाद नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द

सीबीआई को सौंपी गई जांच

नई दिल्ली, देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राजस्थान में पेपर लीक के पुख्ता प्रमाण मिलने के बाद, 3 मई 2026 को आयोजित हुई इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। अब इस पूरे प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जाएगी। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही 600 से अधिक अंकों के प्रश्न लीक हो गए थे। जांच रिपोर्ट के अनुसार, पेपर एक संगठित गिरोह के माध्यम से लीक किया गया था। इसी गंभीर गड़बड़ी को आधार मानते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए इसे रद्द करने का निर्णय लिया गया है। 3 मई को देश भर में हुई परीक्षा अब पूरी तरह अमान्य है।राजस्थान पुलिस की एसओजी के बाद अब सीबीआई इस मामले की तह तक जाएगी ताकि मुख्य साजिशकर्ताओं को पकड़ा जा सके। लगभग 24 लाख से अधिक छात्रों को अब दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी होगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नई परीक्षा तिथियों का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।

परीक्षा रद्द होने की खबर मिलते ही देश भर के छात्रों और अभिभावकों में रोष देखा जा रहा है। जहां एक ओर छात्र इसे अपनी कड़ी मेहनत पर पानी फिरने जैसा बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पेपर लीक से प्रभावित योग्य उम्मीदवारों ने इसे निष्पक्षता के लिए जरूरी कदम बताया है। सरकार का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सीबीआई जांच सुनिश्चित करेगी कि दोषियों को सख्त सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *