नगर परिषद सरकाघाट ने उत्साहपूर्वक मनाया ‘पर्यावरण सप्ताह’
नवनिर्वाचित पार्षदों ने वार्डों में संभाली स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान की कमान
सरकाघाट, विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में नगर परिषद सरकाघाट द्वारा 5 जून से 12 जून तक ‘पर्यावरण सप्ताह’ का आयोजन जनसहभागिता और उत्साह के साथ किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत नगर परिषद के सभी सातों वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया।
नगर परिषद सरकाघाट के कार्यकारी अधिकारी मुनीष कुमार ने बताया कि यह अभियान भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा हिमाचल प्रदेश शहरी विकास निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।
उन्होंने बताया कि 9 जून को नगर परिषद के सातों वार्डों के पार्षदों ने स्थानीय अपशिष्ट प्रबंधन सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा कचरा प्रबंधन की विभिन्न प्रक्रियाओं की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की। इसके अतिरिक्त वार्ड स्तर पर घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें लोगों को कूड़ा-कचरा न जलाने, खुले में गंदगी न फैलाने तथा कचरे का पृथक्करण कर उसके वैज्ञानिक निस्तारण के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यावरण सप्ताह के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर स्थानीय एवं मौसमी प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया। नवनिर्वाचित पार्षदों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
कार्यकारी अधिकारी मुनीष कुमार ने कहा कि इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) और स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाना है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद के सभी नवनिर्वाचित सदस्यों की सक्रिय सहभागिता से सरकाघाट को स्वच्छ, सुंदर और हरित नगर बनाने के प्रयासों को नई ऊर्जा मिली है।
उन्होंने नगरवासियों से भी पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने और स्वच्छ सरकाघाट के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
